राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर जयपुर में हुआ जिला स्तरीय महिला सम्मेलन
जयपुर, 19 दिसम्बर। राज्य सरकार के कार्यकाल के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत शुक्रवार को जयपुर में जिला स्तरीय महिला सम्मेलन जिला परिषद सभागार में हुआ।
कार्यक्रम में श्रीमती रमा देवी चौपड़ा, जिला प्रमुख, श्री महेन्द्र पाल मीणा, विधायक जमवारामगढ़ श्री गोपाल शर्मा, विधायक सिविल लाइन्स, जिला कलक्टर श्री जितेन्द्र कुमार सोनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती प्रतिभा वर्मा एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री बृजमोहन गुप्ता, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में श्रीमती रमा देवी चोपड़ा ने राज्य सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में महिलाओं, बालिकाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं वंचित वर्गों के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं एवं नवाचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला सशक्तीकरण रही है।
शुक्रवार को ही राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन कार्यक्रम धौलपुर में हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, पालनहार योजना, उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना, अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों हेतु पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों को राशि हस्तांतरित की। श्री शर्मा ने हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड इंटर-ऑपरेबिलिटी लागू किए जाने की घोषणा भी की, जिससे प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ और अधिक सुगमता से मिल सकेगा।
जिला स्तरीय महिला सम्मेलन के दौरान राजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य कल्याण एवं पेंशन योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं आयुष्मान आरोग्य कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही राजीविका की ‘लखपति दीदीयों’ को प्रोत्साहन स्वरूप विशेष बैग भी प्रदान किए गए जिससे महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में अतिथियों ने महिलाओं से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर महिला को आत्मनिर्भर बनाना और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है।

