Breaking News
राजस्थान रिफाइनरी का समग्र रुप से 90.3 प्रतिशत कार्य पूरा
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने सम्बंधित विभागों को समन्वय से रिफाइनरी का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए -एचआरआरएल रिफाइनरी राजस्थान सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट

जयपुर, 19 दिसंबर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय के चिंतन कक्ष में एचआरआरएल की राज्यस्तरीय टास्क फोर्स की 7वीं बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी राजस्थान सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट होने के साथ ही देश की ऐसी पहली परियोजना है जिसमें रिफाइनरी के साथ ही पेट्रोकेमिकल काम्पलेक्स भी है। उन्होंने रिफाइनरी के अधिकारियों सहित संबंधित विभागों को परस्पर समन्वय से कार्य करते हुए रिफाइनरी का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रगति और संबंधित बिन्दुओं की विस्तार से जानकारी ली।

राजस्थान रिफाइनरी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री कमलाकर आर विखार व सीएफओ श्री इन्द्रजीत दासगुप्ता ने कार्य की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि रिफाइनरी का समग्र रुप से 90.3 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। रिफाइनरी इकाई का 96.4 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। रिफाइनरी के लिए मूंदड़ा पोर्ट पर अरब मिक्स से क्रूड टेंक (सीओटी) तक कच्चे तेल की पहली खेप आ गई है और यह मूंदड़ा पोर्ट के 6 टैंकों से पाइपलाईन के माध्यम से रिफाइनरी तक पहुंचेगी। रिफाइनरी में ओबीई कार्य 99.8 प्रतिशत पूरा हो चुका है।

एचपीसीएल के सीएमडी श्री विकास कौशल ने बताया कि राजस्थान सरकार के सहयोग व समन्वय से रिफाइनरी कार्य प्रगति पर है। रिफाइनरी में मेहसाना भटिण्डा गैस पाइपलाईन (एमबीपीएल) से गैस आना शुरु होने के साथ ही फ्लेयर सिस्टम शुरु होने से टेस्टिंग प्रक्रिया आरंभ हो गई है। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी के नाचना रिजर्ववॉयर से पाइपलाईन से पानी आने लगा है।

श्री टी. रविकान्त ने बताया कि पेट्रोलियम विभाग द्वारा लगातार समन्वय बनाते हुए रिफाइनरी को गति दी जा रही है। राजस्थान रिफाइनरी की खास बात यह है कि जीरो लिक्विड इफ्लूएंट डिसचार्ज है, जिसका सीधा— सीधा मतलब है कि इस रिफाइनरी में प्रसंस्करण के दौरान किसी तरह का वेस्टेज नहीं होगा। उन्होंने बताया कि बालोतरा से पचपदरा 12 किमी तक रेल्वे व पचपदरा से रिफाइनरी साइट तक एचआरआरएल द्वारा रेल्वे लाइन बिछाई जाएगी। रिफाइनरी से प्रदेश में निवेश, रोजगार और रेवेन्यू ने नए अवसर होंगे।

बैठक में बालोतरा से रिफाइनरी तक रेलवे लाइन बिछाने, बिजली सब स्टेशन, राज्य से आने वाले कच्चे तेल पर वेट कम करने सहित विभिन्न बिन्दुओं पर विचार विमर्श किया गया। इस अवसर पर राजस्थान रिफाइनरी सम्बंधी एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

टास्क फोर्स की बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव व चेयरमेन आईजीएनपी अभय कुमार, प्रमुख सचिव उर्जा अजिताभ शर्मा, वित श्री वैभव गालरिया, राजस्व सचिव जोगाराम, पीएचईडी, पीड्ब्लूडी, रीको, उत्तर पश्चिम रेल्वे, एमओपीएनजी, कलेक्टर बालोतरा, जोधपुर संभागीय आयुक्त, आरएसएमएमएल, संयुक्त निदेशक पेट्रोलियम श्री दिलीप राज शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।