Breaking News
लोक संस्कृति और संगीत के साथ विकास और विश्वास का जश्न- राज्य सरकार के ऐतिहासिक दो वर्ष पूर्ण होने पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी
संगीत और कालबेलिया नृत्य के रंगों से सराबोर हुआ जेकेके परिसर

राज्य सरकार के ऐतिहासिक और विकास, उपलब्धि व विश्वास से सरोबार दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा सोमवार से जवाहर कला केंद्र, जयपुर में आयोजित 4 दिवसीय राज्य स्तरीय प्रदर्शनी की सांस्कृतिक संध्या राजस्थानी लोक संगीत और नृत्य के रंगों से सराबोर रही। कार्यक्रम का बड़ी संख्या में लोगों विशेषकर युवाओं ने लुफ्त लिया। 

कार्यक्रम में राजस्थान की समृद्ध लोककला परंपरा का सजीव चित्रण किया गया। सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। प्रसिद्ध लोक कलाकार राजकी पूरण नाथ सपेरा एवं उनके दल ने कालबेलिया नृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुति देकर समा बांध दिया। “चिरमी म्हारीं चिरमली, चिरमी रा डाला चार” और “लैता जाइजो रे दिलड़ौ, दैता जाइजो” जैसे लोकप्रिय लोकगीतों पर प्रस्तुत कालबेलिया नृत्य ने दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम में गायक बनवारी के साथ ढोलक पर अरुण, बीन पर कैलाश नाथ सपेरा तथा खंजरी पर पूरण नाथ ने संगत दी। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक संध्या में चरी और भंवरी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा।

लोक संगीत, नृत्य और सरकार की उपलब्धियों के समन्वय से सजी यह सांस्कृतिक संध्या दर्शकों के लिए यादगार बन गई। सांस्कृतिक संध्या में सूचना एवं जनसंपर्क व अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य कार्मिक व आमजन उपस्थित रहे। 

डीआईपीआर स्टॉल पर विद्यार्थियों ने ली पीएम और सीएम के साथ सेल्फी, साहित्य में दिखाई रूचि-

प्रदर्शनी स्थल पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई है। बड़ी संख्या में लोगों विशेषकर विद्यार्थियों ने यहां विभिन्न विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों के सम्बंध में प्रकाशित साहित्य निःशुल्क प्राप्त किया तथा इसके लिए राज्य सरकार का आभार प्रकट किया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ वर्चुअल सेल्फी ली। यह सेल्फी लेने पर मोबाइल नम्बर अंकित किया जाता है तथा उस नम्बर पर मैसेज आता है। मैसेज क्लिक करते ही सेल्फी डाउनलोड का ऑप्शन आता है। सेल्फी लेने वालों ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने राज्य के विकास को नई गति दी है। उनके साथ सेल्फी यादगार क्षण हैं।