Breaking News
अजमेर में बनेगा महर्षि दयानंद पैनोरामा— विधान सभा अध्यक्ष देवनानी ने की घोषणा
आर्य समाज मनाएगा स्वामी श्रद्धानंद की बलिदान शताब्दी

जयपुर, 14 दिसम्बर। महर्षि दयानंद सरस्वती की निर्वाण स्थली अजमेर में अब दयानंद पैनोरमा बनेगा। इसे देखकर यहां आने वाले लोग महर्षि के महान जीवन से प्रेरणा ले सकेंगे। विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को राजस्थान आर्य प्रतिनिधि सभा के अजमेर स्थित ऋषि उद्यान में आयोजित सम्मेलन में यह घोषणा की।

 कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष  ने कहा कि वे प्रयास करेंगे कि आगामी बजट में ही दयानंद पैनोरामा के प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाए। श्री देवनानी ने कहा कि सामाजिक जागृति में महर्षि दयानंद और आर्य समाज का बहुत बड़ा योगदान है।

श्री देवनानी ने कहा कि राष्ट्रवाद को बढ़ावा देने के लिए कई बड़े काम किए हैं। इनमें केईएम का नाम बदलकर महर्षि दयानंद विश्रांति गृह करना, खादिम का नाम अजयमेरु करना शामिल है। सम्राट पृथ्वीराज चौहान के तारागढ़ पर बड़ी संख्या में अतिक्रमण हटाए गए हैं। इसे अब पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

श्री देवनानी ने आर्य प्रतिनिधि सभा और आर्य वीर दल की अजमेर में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक योजना समीक्षा बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधियों से संवाद करना और उनके समर्पण, अनुशासन व सेवा भावना को करीब से अनुभव करना अत्यंत सुखद व प्रेरणादायी रहा।

कार्यक्रम को परोपकारिणी सभा के प्रधान ओम मुनि ने भी संबोधित किया। राजस्थान आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान जयसिंह गहलोत और मंत्री जीववर्धन शास्त्री ने देवनानी का शाल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। परोपकारिणी सभा के न्यासी डॉ. वेदप्रकाश विद्यार्थी ने उन्हें आचार्य धर्मवीर की पुस्तक अग्नि सूक्त और भारतीय नारी भेंट की। कार्यक्रम का संचालन स्वामी ओमानंद सरस्वती ने किया।

विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर में किया विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ
हजारों लोगों को मिलेगी राहत

 विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र वार्ड संख्या 8 में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों में सीसी सड़क व  नाली निर्माण जैसी मूलभूत सुविधाएं शामिल हैं। इनसे स्थानीय नागरिकों को बरसात, पेयजल और आवागमन से जुड़ी परेशानियों से स्थायी राहत मिलेगी। यह सड़क निर्माण कार्य सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा।

विधायक कोष 2025-26 के तहत वार्ड 8 स्थित दत्ता की पुलिया से जे.पी. दाल पिसाई केन्द्र तक 11.50 लाख रूपए की लागत से सड़क व नाली निर्माण तथा वार्ड 8 ऋषि घाटी से बाबूगढ़ पार्किंग तक 8.85 लाख रूपए की लागत से सड़क व नाली निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया।

श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर की सड़क कनेक्टिविटी लगातार बेहतर हो रही है। इसके लिए सैकड़ों करोड़ की लागत से अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की सड़कों का व्यापक नेटवर्क तैयार किया गया है। 

उन्होंने कहा कि अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रूपए की लागत से नालों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इससे शहर के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी। इस वार्ड में ही अब तक करोड़ों रुपए के विकास कार्य का शुभारम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि अजमेर में आगामी 25 वर्षों तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए शहर के मध्य हाथीभाटा क्षेत्र में गैस आधारित जीएसएस का निर्माण किया जाएगा।