विकास रथों के माध्यम से आमजन तक पहुंचेंगी 2 साल की उपलब्धियां
जयपुर, 12 दिसम्बर। राज्य सरकार का 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष पर राज्य सरकार की उपलब्धियों, फ्लेगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं के व्यापक प्रचार- प्रसार हेतु विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास रथ शनिवार को कोटा से रवाना हुए। इन विकास रथों पर लगी एलईडी पर ऑडियो-वीडियो के माध्यम से पिछले दो साल में राज्य व कोटा जिले में हुए विकास कार्यों, राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं घोषणाओं की क्रियान्विति की जानकारी आमजन को दी जा रही है।
कोटा जिले की 6 विधानसभा क्षेत्रों के लिए जाने वाले विकास रथों को शुक्रवार को जिला परिषद परिसर में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर और कोटा जिले के प्रभारी मंत्री श्री गौतम कुमार दक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने इनका अवलोकन किया। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विकास रथों की जन भागीदारी के साथ रूट चार्ट के अनुसार यात्रा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि विकास रथ की विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक पहुंच सुनिश्चित हो।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले दो सालों में प्रदेश में विकास के जो कार्य किए हैं, उनकी जानकारी विकास रथों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाएगी। पिछले दो साल में कोटा जिले में भी विकास के कई कार्य किए गए हैं। यहां लम्बे समय से एयरपोर्ट की मांग थी, जिसे धरातल पर उतारा जा रहा है। लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला एवं मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के प्रयासों से कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के कार्य को गति दी जा रही है। एयरपोर्ट बनने से कोटा संभाग में पर्यटन और कोचिंग सेक्टर को बूस्ट मिलेगा।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात नियमों की पालना की शपथ भी दिलाई।
मॉनिटरिंग के लिए कन्ट्रोल रूम स्थापित—
विकास रथों के रूटचार्ट के अनुसार यात्रा एवं सुरक्षा को मॉनिटर करने के लिए कन्ट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। सभी रथों की जियो टेगिंग के साथ लोकेशन की प्रतिदिन ट्रेकिंग की जायेगी, इसकी मॉनिटरिंग राज्य स्तर पर भी होगी।
विकास रथों के साथ राज्य सरकार की विभागवार उपलब्धियों पर आधारित विकास पुस्तिका, पेम्फलेट सहित अन्य प्रचार सामग्री रहेगी। रथों के साथ एक सुझाव पेटिका भी रहेंगी, जिसमें आमजन अपनी समस्याएं, सुझाव आदि दे सकते हैं।
कार्यक्रम में कोटा दक्षिण विधायक श्री संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक श्रीमती कल्पना देवी, जिला प्रमुख श्री मुकेश मेघवाल, श्री राकेश जैन, श्री प्रेम गोचर, संभागीय आयुक्त श्री अनिल कुमार अग्रवाल, जिला कलक्टर श्री पीयूष समारिया, एडीएम सीलिंग श्रीमती कृष्णा शुक्ला, सीईओ जिला परिषद श्री कमल कुमार मीणा भी उपस्थित रहे।

