चिकित्सा मंत्री ने किया रक्तदान शिविर का अवलोकन
जयपुर, 27 दिसम्बर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश में निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीकी नवाचारों के माध्यम से उन्नत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का जीवन बचाने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। रक्तदान इस दिशा में एक श्रेष्ठ कार्य है। सभी स्वस्थ व्यक्तियों को इस नेक कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए।
चिकित्सा मंत्री ने शुक्रवार को सवाई मानसिंह अस्पताल में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में शिरकत करते हुए यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राजस्थान के कण-कण में त्याग, बलिदान एवं सर्वस्व न्यौछावर करने की गाथाएं रची-बसी हैं। राजस्थान की इस त्याग एवं समर्पण की संस्कृति को आत्मसात करते हुए हमें रक्तदान जैसे पुण्य कार्य के लिए आगे बढ़कर सहयोग प्रदान करना चाहिए। प्रसन्नता का विषय है कि विगत समय में समाज में रक्तदान के प्रति भ्रांतियां दूर हुई हैं और जागरूकता बढ़ी है। इससे आपातकालीन स्थितियों में बड़ी संख्या में लोगों का जीवन बचाना संभव हुआ है।
चिकित्सा मंत्री ने इस अवसर पर रक्तदान शिविर का अवलोकन किया और रक्तदाताओं से संवाद भी किया। उन्होंने इस पुनीत कार्य में सहयोग करने वाले सभी रक्तदाताओं, स्वास्थ्यकर्मियों एवं एसएमएस अस्पताल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से यूनिवर्सल हेल्थ करवरेज की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। विगत दो वर्ष में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। इससे आमजन इलाज खर्च की चिंता से मुक्त हुआ है और गांव-ढाणी तक स्वास्थ्य सेवाएं सुगमता से मिल रही हैं।
इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त नरेश गोयल, सवाई मानसिंह मेडिकल काॅलेज के प्रधानाचार्य डाॅ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डाॅ. मृणाल जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से किये जा रहें विकास कार्यों की ली समीक्षा बैठक
जयपुर, 26 दिसम्बर। उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजस्थान धरोहर प्राधिकरण श्री ओंकार सिंह लखावत, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन प्रवीण गुप्ता, अतिरिक्त निदेशक पर्यटन आनंद त्रिपाठी, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामरतन शर्मा की उपस्थिति में शासन सचिवालय में पर्यटन विभाग से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं तथा महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विभाग की ओर से पुष्कर प्रोजेक्ट पर चर्चा कर प्रगति की जानकारी ली तथा इस हेतु शीघ्रता से कार्य किये जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली में कल्चररल सेंटर बनाने की सम्भावना पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्थान की परंपरिक पेंटिंग, भित्ति चित्रकारी तथा इससे जुड़ी अन्य कलाओं का नई पीढ़ी को सिखाई जाए। कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से इस हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान धरोहर प्राधिकरण द्वारा झुन्झुनूं में बनवाये जाने वाले वार म्यजियम निर्माण पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आमेर के अंदरूनी क्षेत्र हेतु मास्टरप्लान बनाकर कार्य किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आमेर का इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट किया जाए। जिसमें सुरक्षा और पार्किंग, सफाई, दुकानों का व्यस्थिकरण तथा अन्य सुविधाओं का योजना अनुसार विकास किया जाए। उन्होंने जवाहर कला केन्द्र से सम्बंधित विकास कार्यों पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए तथा एएसआई के मोनूमेंट पर प्रॉपर लाइटिंग के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को पर्यटन विभाग की विकास शाखा/टीआरसी जयपुर की ओर से जेडीए को जयपुर में कॉन्सर्ट पर्यटन के विकास हेतु भूमि आवंटन की प्रगति की जानकारी दी गई।
बैठक में आरटीडीसी लैंड डिस्पोजल रूल्स में जल्दी परिवर्तन की जानकारी दी गई। उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि श्री खाटू श्याम जी मंदिर परिसर में विकास कार्य प्रगतिरत है तथा सीएसएस वर्क जल्दी किया जायेगा। इसके साथ ही अवगत कराया गया कि ट्राईबल सर्किट बनाने के क्रम में टीएडी के सुझाव हेतु पत्रावली प्रेषित की गई है।
दिया कुमारी ने निर्देश दिए कि एकीकृत ग्रामीण पर्यटन विकास हेतु कार्य किए जाए। उन्होंने इस हेतु शुरुआती तौर पर शेखावाटी और आभानेरी में कार्य किये जाने की संभावना पर कार्य किये जाने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने बैठक में अभानेरी में ग्रामीण पर्यटन और मॉडल टूरिस्ट विलेजज हेतु अवगत कराया कि कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से पायलेट रूप में पांच गाँवों के लिए संस्कृति पोर्टल प्रस्तावित है। इसी प्रकार शेखावाटी में दो तीन स्थानों पर पायलट प्रोजेक्ट प्रस्तावित है।
राकेश शर्मा ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव का कार्यभार संभाला
जयपुर, 26 दिसम्बर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राकेश शर्मा ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव का कार्य भार ग्रहण किया।
इस दौरान विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) एवं पदेन शासन उप सचिव ,डॉ. गोरधन लाल शर्मा, अतिरिक्त निदेशक पत्र पंजीयन, नर्बदा इन्दोरिया एवं विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

