Breaking News
जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, जिला कलक्टर ने सम्मानित कर किया प्रोत्साहित
अजमेर, 3 नवम्बर। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएचएआई के तत्वाधान में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय के  टॉपर्स के...

अजमेर, 3 नवम्बर। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एनएचएआई के तत्वाधान में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय के  टॉपर्स के साथ खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट एवं साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

  कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पतर््, टैबलेट एवं साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला कलक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और लगन को पहचान मिलना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि कई बार विपरीत परिस्थितियों में भी हमें धैर्य और संकल्प के साथ प्रयास जारी रखने होते हैं। अनेक विद्यार्थियों के पास संसाधन सीमित होते हैं फिर भी वे संघर्ष को पार कर सफलता प्राप्त करते है। यह उनके दृढ़ संकल्प और मेहनत का परिणाम है।

  उन्होंने विद्यार्थियों को केवल अकादमिक के साथ खेल और अन्य सह पाठ्यक्रमीय गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भाग लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि दबाव में टूटना नहीं चाहिए तथा असफलता को सीख का अवसर समझकर आगे बढ़ना चाहिए। हर हार में भी एक सबक छिपा होता है। उससे सीख लेकर आगे बढ़ें तथा परिवार और समाज का नाम रोशन करने को कहा ।

   श्री लोकबंधु ने विद्यार्थियों से देश और समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है।  उनकी ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच समाज को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 कार्यक्रम कॉनसेशनायर आईआरबी-किशनगढ़-गुलाबपुरा टोल वे प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कॉर्पाेरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत आयोजित किया गया।

   इस अवसर पर एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री हरी सिंह गीला तथा उप प्रबंधक श्री हर्षिल पारीक सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

सभी सर्किलों को बनाएं डिफेक्टिव मीटर मुक्त -डिस्कॉम्स चेयरमैन
चेयरमैन डिस्कॉम्स सुश्री आरती डोगरा ने प्रदेश के तीनों विद्युत वितरण निगमों में खराब मीटर बदलने के काम को गति देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के...

जयपुर, 3 नवम्बर। चेयरमैन डिस्कॉम्स सुश्री आरती डोगरा ने प्रदेश के तीनों विद्युत वितरण निगमों में खराब मीटर बदलने के काम को गति देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के डिफेक्टिव मीटरों को यथाशीघ्र बदला जाए। साथ ही निर्देश दिए कि अधीक्षण अभियंता अपने सर्किल को डिफेक्टिव मीटर फ्री करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ें।

सुश्री डोगरा सोमवार को विद्युत भवन में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जयपुर, जोधपुर एवं अजमेर विद्युत वितरण निगमों में कनेक्शन, राजस्व अर्जन आदि से संबंधित विषयों पर समीक्षा कर रही थीं। जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल एवं अजमेर विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक श्री केपी वर्मा भी बैठक में मौजूद थे। इस दौरान सुश्री डोगरा ने सर्किल अधीक्षण अभियंताओं से बजट में घोषित 33 केवी ग्रिड सब स्टेशनों की प्रगति की भी जानकारी ली।

डिस्कॉम्स चेयरमैन ने कहा कि विद्युत मीटरों के खराब पड़े रहने पर वितरण निगमों राजस्व की हानि वहन करनी पड़ती है। उपभोक्ता को औसत उपभोग के आधार पर बिल जारी के साथ ही विद्युत शुल्क में नियमानुसार छूट देनी होती है। उन्होंने अधिक खराब मीटर की अधिक संख्या वाले सर्किल्स में सिंगल फेज तथा थ्री फेज (गैर कृषि) उपभोक्ताओं के डिफेक्टिव मीटर बदलने के काम की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। 

सुश्री डोगरा ने इस दौरान निर्देश दिए कि बजट घोषणा के अन्तर्गत जिन 33 KV  ग्रिड सब स्टेशनों के निर्माण के लिए कार्यादेश दिए जा चुके हैं, उनमें कार्य अविलम्ब शुरू किया जाए। उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अन्तर्गत आदर्श सौर ग्राम के चयन में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समितियों के माध्यम से जल्द से जल्द सभी जिलों में एक आदर्श ग्राम घोषित करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि चूरू, बूंदी, टोंक  झालावाड़, अजमेर राजसमंद, प्रतापगढ़, झुंझुनूं तथा पाली में आदर्श सौर ग्राम का चयन किया जा चुका है। 

डिस्कॉम्स चेयरमैन ने सभी सरकारी भवनों में नवम्बर माह के अंत तक स्मार्ट मीटर लगाने के लक्ष्य को हासिल करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 1,71,594 सरकारी भवनों में विद्युत कनेक्शन हैं, जिनमें से 73,871 भवनों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इस अवसर पर नेट मीटरिंग, ईवी तथा औद्योगिक श्रेणी के कनेक्शनों के लंबित प्रकरणों पर भी समीक्षा की गई। डिस्कॉम्स चेयरमैन ने डिस्कॉम्स के स्तर पर लंबित कनेक्शन यथाशीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। 

वासुदेव देवनानी की पत्नी इंद्रा देवी का निधन, CM भजनलाल, वसुंधरा राजे, गहलोत समेत दिग्गजों ने जताया गहरा शोक
राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पत्नी इंद्रा देवी का हुआ निधन, 29 अक्टूबर से SMS अस्पताल में चल रहा था उनका इलाज, अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार...

राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पत्नी इंद्रा देवी का हुआ निधन, 29 अक्टूबर से SMS अस्पताल में चल रहा था उनका इलाज, अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनका कर रही थी इलाज, वहीं उनकी खराब स्थिति को देखते हुए ICU में शिफ्ट किया गया था, आज इंदिरा देवनानी का हुआ निधन, वही उनके निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, प्रेम चंद बैरवा, पूर्व सीएम अशोक गहलोत,  सचिन पायलट, गोविंद सिंह डोटासरा समेत दिग्गजों ने जताया दुःख, सीएम भजनलाल ने कहा- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष माननीय श्री वासुदेव देवनानी जी की धर्मपत्नी श्रीमती इंद्रा देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है, मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शान्ति व शोकाकुल परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें, अशोक गहलोत ने कहा- विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की धर्मपत्नी श्रीमती इन्दिरा देवनानी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी में हिम्मत दें

जयपुर, 3 नवम्बर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की धर्मपत्नी श्रीमती इंद्रा देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।  

राज्यपाल ने ईश्वर से पुण्यात्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।

जयपुर, 3 नवम्बर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की धर्मपत्नी श्रीमती इंद्रा देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।  

चिकित्सा मंत्री ने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

             जयपुर, 3 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की धर्मपत्नी श्रीमती इंद्रा देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

                मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

फलोदी-मतोड़ा सड़क दुर्घटना- मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने आश्रितों को आर्थिक सहायता स्वीकृत की
राजस्थान में रविवार को एक टेंपो ट्रैवलर सड़क पर खड़े ट्रक में घुस गया. इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई. फलोदी-मतोड़ा सड़क दुर्घटना- मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा...

  जयपुर, 03 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने फलोदी के मतोड़ा सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शोक की इस घड़ी में राज्य सरकार मृतकों के परिजनों के साथ खड़ी है। उन्हें पूरी मदद देने और घायलों के हरसंभव उपचार के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। गम्भीर घायलों को 2-2 लाख रुपये एवं अन्य घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री सहायता कोष नियमों में शिथिलता देते हुए यह स्वीकृति प्रदान की है।

राजस्थान के जोधपुर जिले के फलोदी क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया. जानकारी के अनुसार, मतोड़ा थाना क्षेत्र में एक टेंपो ट्रैवल्स तेज रफ्तार ट्रक से आमने-सामने टकरा गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो ट्रैवल्स के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग बुरी तरह फंस गए. मिली जानकारी के अनुसार 18 पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं. राहत और बचाव कार्य जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस ने सड़क को खाली करवाकर ट्रैफिक बहाल किया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

पुलिस के मुताबिक, टेंपो ट्रैवलर जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र से श्रद्धालुओं को लेकर बीकानेर जिले के कोलायत तीर्थ दर्शन के लिए गई थी. वापसी के दौरान मतोड़ा के पास सड़क पर खड़े एक ट्रेलर में टेंपो ट्रैवलर जा घुसी. बस में सवार ज्यादातर यात्री दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे. अचानक हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया.

नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में राजस्थान बन रहा अग्रणी – मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा 
न्यायपालिका लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ सशक्त न्याय व्यवस्था नागरिकों की सुरक्षा का प्रमुख आधार- नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में राजस्थान बन रहा अग्रणी - मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा -...

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि न्यायपालिका लोकतंत्र का वो मजबूत स्तम्भ है जो समाज में न्याय और समानता की अलख जगाता है। सशक्त न्याय व्यवस्था से ही नागरिकों में सुरक्षा का भाव आता है। उन्होंने कहा कि देश में लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों ने न्याय की परिभाषा को बदलने का काम किया है। प्रदेश में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम को जमीनी स्तर पर लागू किया जा रहा है। जिससे न्याय प्रक्रिया में तेजी आई है और आने वाले समय में देश में अग्रणी राज्य होगा। 

श्री शर्मा रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर वीसी के माध्यम से जोधपुर में आयोजित बार कौंसिल ऑफ़ राजस्थान के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि बार कौंसिल ऑफ़ राजस्थान के लिए नवनिर्मित भवन लोकतंत्र को और भी मजबूत करने का काम करेगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह भवन वर्तमान की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही, भविष्य की पीढ़ियों को भी मार्गदर्शन देगा।

जिला स्तर पर नई अदालतों का सृजन, नए जजों की नियुक्ति –

श्री शर्मा ने कहा कि न्यायपालिका किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होती है। हर व्यक्ति न्याय की आस लेकर कोर्ट-कचहरी में आता है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सुलभ न्याय मिलने से ही विकास की यात्रा पूरा हो सकेगी। न्यायपूर्णता के साथ ही, विकास सार्थक होता है। बार कौंसिल आमजन की न्याय की आकांक्षाओं को पूरी करने का एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आवश्यकता अनुसार जिला स्तर पर नई अदालतों का सृजन कर रही है। साथ ही नए जजों की नियुक्ति भी तीव्र गति से की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता के हित के कार्य हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अधिवक्ता कल्याण एवं बार कौंसिल के सुदृढ़ीकरण में सहयोग के लिए हमारी सरकार पूरी तरह से तैयार है।

लोगों का विश्वास न्याय व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत-

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिवक्ता समाज के शिल्पकार होने के साथ ही न्याय व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, जिनकी तर्कशक्ति, आपका ज्ञान और आपकी प्रतिबद्धता ही न्याय का आधार है। अधिवक्ता लोगो के भरोसे के जीत की प्रतिमूर्ति हैं। लोगों का यह विश्वास और आस्था ही हमारी न्याय व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है और जनता के इस विश्वास को मजबूत करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

जोधपुर में आयोजित मुख्य समारोह में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस श्री संदीप मेहता, जस्टिस श्री विजय बिश्नोई, राजस्थान हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस श्री संजीव प्रकाश शर्मा, न्यायाधीश जस्टिस डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह भाटी, महाधिवक्ता श्री राजेंद्र प्रसाद, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल श्री भरत व्यास, बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चेयरमैन श्री भुवनेश शर्मा, वाइस चेयरमैन श्री देवेंद्र सिंह राठौड़, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन श्री सुरेश चंद्र श्रीमाली सहित न्यायाधीशगण, बार कौंसिल के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्तागण उपस्थित रहे। वहीं, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री मनन कुमार मिश्रा वीसी के माध्यम से जुड़े।

—-

राज्यपाल से नव नियुक्त कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने मुलाकात की।
राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागडे से सोमवार को राजभवन में महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के नव नियुक्त कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने मुलाकात की।

राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री हरिभाऊ बागडे से सोमवार को राजभवन में महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर के नव नियुक्त कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह ने मुलाकात की।


कुलगुरु बनने के बाद डॉ. सिंह की राज्यपाल से यह पहली शिष्टाचार भेंट थी।

राजस्थान सरकार का बड़ा कदम, वीर सैनिकों की सहायता में अब नहीं होगी कोई देरी…बनाई गई विशेष योजना
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आतंकवाद निरोधी कार्रवाई में घायल और सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे जांबाजों की समस्याओं के समाधान को विशेष प्राथमिकता...

राजस्थान के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और संवेदना का भाव व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री शुभजनलाल शर्मा ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा सेवाओं के दौरान घायल हुए और सेवानिवृत्ति के बाद कठिनाइयों का सामना कर रहे जांबाज सैनिकों की समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले ये वीर हमारे गौरव हैं, इसलिए उनके पुनर्वास और सम्मान में किसी भी प्रकार की देरी अस्वीकार्य है।

सेवानिवृत्ति के बाद भी वीर सैनिकों को मिलेगा सम्मान और सुरक्षा का भरोसा

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आतंकवाद निरोधी कार्रवाई में घायल और सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे

जांबाजों की समस्याओं के समाधान को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अभी निर्देश दिए कि और पात्र वीर सैनिकों, शहीद परिवारों और युद्ध में दिव्यांग हुए सैनिकों को सरकारी योजनाओं और पेंशन का लाभ मिल सके।

वीर सैनिकों की सहायता में किसी स्तर पर न हो विलंब

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जिला कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि सैनिकों को सहायता मिलने में किसी भी प्रकार की विलंब ना हो। जिला कलेक्टर्स अपने-अपने क्षेत्र में व्यक्तिगत मॉनिटरिंग करें और जरूरत पड़ने पर सैनिकों के लिए शिविर का आयोजन भी करें और उनकी समस्याओं का समाधान भी करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा बलों, सेना, अर्द्धसैनिक बलों और पुलिस में सेवा दे चुके उन जांबाजों की सूची भी तैयार की जाए, जो अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए गंभीर रूप से घायल हुए।

विवाह आमंत्रण के नाम पर साइबर जाल – आमंत्रण.apk से हो सकता है मोबाइल हैक
विवाह आमंत्रण के नाम पर साइबर जाल - आमंत्रण.apk से हो सकता है मोबाइल हैक —शादियों के सीजन में साइबर ठग भेज रहे हैं नकली ई-निमंत्रण लिंक, क्लिक करते ही...

जयपुर, 1 नवम्बर। साइबर अपराधों को रोकने के लिए पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने आमजन को एक गंभीर साइबर खतरे के प्रति आगाह किया है। विवाह-शादी के इस सीज़न में साइबर ठग सोशल मीडिया, व्हाट्सएप और ईमेल के माध्यम से ई-निमंत्रण और गिफ्ट लिंक के बहाने एक खतरनाक जाल बिछा रहे हैं। इस चेतावनी का उद्देश्य साइबर अपराधों पर अंकुश लगाना है।

उप महानिरीक्षक पुलिस साइबर क्राइम विकास शर्मा ने बताया कि अपराधी एक फर्जी एपीके फाइल जिसका नाम अक्सर आमंत्रण.apk होता है, साझा कर रहे हैं। उपयोगकर्ता जैसे ही शादी के आमंत्रण या लोकेशन लिंक समझकर इस पर क्लिक करते हैं, यह एप्लिकेशन मोबाइल में इंस्टॉल हो जाता है। यह कोई साधारण ऐप नहीं बल्कि एक बैकडोर मैलवेयर है, जो डिवाइस को हैक कर लेता है।

एक बार इंस्टॉल होने के बाद यह मैलवेयर चुपके से एसएमएस, संपर्क सूची, कैमरा और फाइल एक्सेस जैसी संवेदनशील अनुमतियां प्राप्त कर लेता है। इसके बाद यह गुप्त रूप से उपयोगकर्ता की व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग डिटेल्स, ओटीपी और पासवर्ड को एकत्रित करना शुरू कर देता है। साइबर अपराधी इसी चोरी किए गए डेटा का उपयोग करके बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आमजन की गाढ़ी कमाई खतरे में पड़ रही है।

पुलिस ने दी ये 5 महत्वपूर्ण सुरक्षा सलाह—

साइबर क्राइम शाखा ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी संभावित नुकसान से बचने के लिए इन सुरक्षा उपायों का कड़ाई से पालन करें—

●  किसी भी ई-निमंत्रण या गिफ्ट लिंक पर क्लिक करने से पहले भेजने वाले की पहचान सुनिश्चित करें।

◆  मोबाइल सेटिंग्स में Install from unknown sources विकल्प को तुरंत Disabled करें।

◆  हमेशा केवल गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर जैसे अधिकृत ऐप स्टोर से ही एप्लिकेशन डाउनलोड करें।

◆  अपने मोबाइल में एक विश्वसनीय एंटीवायरस या मोबाइल सिक्योरिटी एप्लिकेशन का उपयोग करें।

शिकायत दर्ज करने के लिए संपर्क करें—

यदि आप इस प्रकार की धोखाधड़ी का शिकार होते हैं, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सहायता के लिए साइबर हेल्प लाईन नम्बर 1930 पर कॉल करें या https://cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए पुलिस मुख्यालय के हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 या 9257510100 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

राजस्थान हाईकोर्ट को ई-मेल पर मिली बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर खाली, जांच में जुटी पुलिस
राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच को शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मेल में तमिलनाडु सरकार और नाबालिगों से रेप...

राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर बेंच को शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मेल में तमिलनाडु सरकार और नाबालिगों से रेप की घटनाओं को लेकर गुस्सा जताते हुए तुरंत बिल्डिंग खाली कराने की चेतावनी दी गई थी। इस धमकी भरे मेल के सामने आते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कोर्ट परिसर को खाली कराया। वकील, न्यायाधीश और स्टाफ को सुरक्षा के लिहाज से बाहर भेज दिया गया। कोर्ट के बाहर सैकड़ों लोग जमा हो गए, जिससे सुरक्षा बलों को भीड़ नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी।

डीसीपी राजर्षि राज के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की तलाशी शुरू कर दी। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है लेकिन एहतियात के तौर पर तलाशी जारी है।

साइबर सेल की टीम धमकी भरे ई-मेल की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश किस आईपी एड्रेस से भेजा गया और क्या यह किसी शरारती तत्व का काम है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मेल के पीछे की मंशा क्या थी।

गौरतलब है कि जयपुर में यह पहली बार नहीं है जब किसी संस्था या सरकारी भवन को बम धमकी मिली हो। इससे पहले 30 सितंबर को भांकरोटा स्थित माय ओवन स्कूल को इसी तरह की धमकी मिली थी। हालांकि उस समय स्कूल खाली था और जांच में कुछ नहीं मिला। इसके अलावा 8 सितंबर को मानसरोवर स्थित स्प्रिंगफील्ड स्कूल और शिवदासपुरा के एक निजी स्कूल को भी इसी प्रकार का ई-मेल भेजा गया था।

जयपुर की सिविल कोर्ट को भी पहले बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है। फिलहाल पुलिस और साइबर विशेषज्ञ मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान जल्द हो सके।

जयपुर में दमखम दिखाएंगे देशभर के 4 हजार से अधिक खिलाड़ी
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 से राजस्थान बनेगा खेलों का हब - मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां जोरों पर - जयपुर में दमखम दिखाएंगे देशभर...

जयपुर, 31 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान पहली बार खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स-2025 की मेजबानी करने जा रहा है। यह आयोजन 24 नवम्बर से 5 दिसम्बर 2025 तक प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों सहित जयपुर में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री श्री शर्मा के दूरदर्शी मार्गदर्शन और खेलों के प्रति प्रतिबद्धता के चलते प्रदेश अब राष्ट्रीय खेल आयोजनों के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है।

खेल विभाग के शासन सचिव डॉ. नीरज के पवन की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार, जयपुर में हुई बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई। डॉ. नीरज के पवन ने बताया कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में देश के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 200 विश्वविद्यालयों से करीब 4000 खिलाड़ी तथा लगभग 2000 प्रशिक्षक, प्रबंधक, रेफरी और सहयोगी स्टाफ भाग लेंगे। कुल 21 खेल विधाओं में आयोजित होने वाले इन खेलों का भव्य उद्घाटन समारोह 24 नवम्बर 2025 को किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का यह आयोजन राजस्थान की खेल यात्रा में एक नया मील का पत्थर सिद्ध होगा।

डॉ. नीरज के पवन ने बताया कि जयपुर में कुल 11 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें तीरंदाजी और शूटिंग का आयोजन जगतपुरा शूटिंग रेंज में, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, तैराकी, टेनिस, हॉकी और साइक्लिंग प्रतियोगिताएं सवाई मानसिंह स्टेडियम में, फुटबॉल प्रतियोगिता पूर्णिमा विश्वविद्यालय में और मलखम्ब प्रतियोगिता राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने आयोजन की प्रभावी तैयारियां एवं आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार जयपुर में आने वाले देशभर के खिलाड़ियों को उत्कृष्ट आतिथ्य, भोजन, परिवहन, आवास और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु 12 समितियां गठित की गई हैं, जिनमें उद्घाटन एवं समापन समारोह, पारितोषिक वितरण, कानून व्यवस्था, यातायात एवं परिवहन प्रबंधन, खेल आयोजन, आवास, भोजन, नियंत्रण कक्ष, चिकित्सा व्यवस्था, प्रचार-प्रसार तथा सफाई व्यवस्था समितियां शामिल हैं।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की प्राथमिकता के अनुरूप जयपुर जिला प्रशासन द्वारा इस आयोजन को सफल, भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी विभागों के समन्वय से कार्ययोजना तैयार करें। देशभर से आने वाले खिलाड़ियों को न केवल श्रेष्ठ खेल अनुभव प्रदान किया जाएगा, बल्कि उन्हें जयपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा ताकि वे राजस्थान की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से परिचित हो सकें।

बैठक में नगर निगम जयपुर ग्रेटर आयुक्त श्री गौरव सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।