Breaking News
वंदे मातरम्@150 कार्यक्रम के दिव्य एवं भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर
जयपुर 05 नवम्बर। राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्“ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वंदे मातरम्@150 कार्यक्रम के दिव्य एवं भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शुक्रवार, 7 नवम्बर को एसएमएस...

जयपुर 05 नवम्बर। राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्“ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वंदे मातरम्@150 कार्यक्रम के दिव्य एवं भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शुक्रवार, 7 नवम्बर को एसएमएस स्टेडियम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा। बुधवार को एसएमएस स्टेडियम में पर्यटन विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री राजेश कुमार यादव ने आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार कार्यक्रम को देश भक्ति की भावना से ओत-प्रोत करने, स्थानीय कलाकारों तथा आमजन की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसमें सभी सरकारी, गैर सरकारी, शिक्षण संस्थानों विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों तकनीकी मेडिकल कॉलेज, एनसीसी, एनएसएस स्कॉउड गाइड की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को दिए है। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए आरएसी, पुलिस, स्कूल सहित कुल पांच बैंड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होने कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजामात करने के निर्देश पुलिस को दिए। उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी, हॉर्डिग्स सहित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होने विद्यालय, महाविद्यालय व विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को लाने ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था करने के निर्देश आरटीओ को दिए है। इस दौरान उन्होंने स्टेज, बैठक व्यवस्था, दरवाजों की सजावट आदि कर कार्यक्रम को भव्यता प्रदान करने के निर्देश भी सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को दिए।

इस दौरान शासन सचिव युवा मामले खेल विभाग डॉ. नीरज के पवन, जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी, आयुक्त नगर निगम जयपुर हैरिटेज निधि पटेल, मुख्य कार्यकारी जिला परिषद जयपुर प्रतिभा वर्मा सहित पुलिस प्रशासन के संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम ’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में राज्य के साथ-साथ जिले, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक आगामी 7 नवम्बर  2025  से विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 7 नवम्बर को जयपुर के एस.एम.एस. स्टेडियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम में सभी सरकारी और गैर-सरकारी शिक्षण संस्थान, विश्वविद्यालय, महाविद्यालय, तकनीकी महाविद्यालय, मेडिकल एवं पैरामेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, एनसीसी, एनएसएस, हिंदुस्तान स्काउट गाइड, पुलिस एवं आरएसी के जवान, सामाजिक संगठन और आमजन की भागीदारी रहेगी।

इस अवसर पर भव्य ‘वंदे मातरम ’ गायन, 50 हजार तिरंगा झंडों का वितरण,  स्कूल, पुलिस एवं आर्मी की बैंड प्रस्तुतियाँ तथा महापुरुषों की प्रदर्शनी जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों व आम नागरिकों द्वारा देशभक्ति के माहौल में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ ‘वंदे मातरम’ गायन का ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा। राज्यभर में थीमेटिक प्रदर्शनी, फोटोग्राफ, आर्काइव सामग्री, डिजिटल पैनल और कला प्रदर्शनियों के माध्यम से ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ को ऐतिहासिक स्वरूप में मनाया जाएगा। इसी दिन अजमेर, बीकानेर, उदयपुर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर, सीकर, भीलवाड़ा और अलवर के जिला मुख्यालयों में जिला स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रमों की इस श्रृंख्ला में 8 और 9 नवम्बर को शेष 31 जिलों में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिलों में प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में प्रभात फेरी, रन अथवा बाइक रैली के माध्यम से ‘वंदे मातरम’ का जनप्रचार किया जाएगा। शहीद स्मारकों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, विद्यालयों में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली आदि प्रतियोगिताएं, एनएसएस द्वारा स्वच्छता अभियान व रक्तदान शिविर, स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिजनों का सम्मान और थीम आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। एलईडी स्क्रीन, होर्डिंग्स, एवं विज्ञापन स्थलों पर “वंदे मातरम@150” प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।

इनके माध्यम से ‘वंदे मातरम’ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका और राष्ट्रीय एकता के संदेश को प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही इस अभियान से जन-जन को जोड़ने के लिए #vandemataram हैशटैग के साथ सोशल मीडिया अभियान भी चलाया जाएगा।राज्य एवं जिला स्तर पर होने वाले मुख्य आयोजनों के साथ ही ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी  कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक मुख्यालय पर विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता के साथ देशभक्ति के इस महाअभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।

“एक स्थान, एक समय, एक गीत-वंदे मातरम” की थीम पर सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें नागरिकों, विद्यार्थियों और स्थानीय संगठनों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही रन, रैली एवं सामूहिक सेवा कार्य के माध्यम से स्वदेशी और राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रत्येक गांव तक पहुंचाया जाएगा।सभी सरकारी कार्यालयों में 10 नवम्बर को ‘वंदे मातरम्@150’ कार्यक्रम एवं स्वदेशी संकल्प का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार 11 नवम्बर को नगर निकाय कार्यालयों में, 12 नवम्बर को पंचायत राज संस्थानों में, 13 नवम्बर को सभी स्कूलों व छात्रावासों में, 14 नवम्बर को उच्च शिक्षा संस्थानों में तथा 15 नवम्बर को अस्पतालों और पुलिस थानों में ‘वंदे मातरम्@150’ कार्यक्रम एवं स्वदेशी संकल्प आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 7 नवम्बर से 26 नवम्बर (संविधान दिवस) तक सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक वाचन होगा।

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रदेशभर में शुरु हुआ सड़क सुरक्षा अभियान
   जयपुर, 05 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्यभर में 4 नवम्बर से 18 नवम्बर तक 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान शुरु...

   जयपुर, 05 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्यभर में 4 नवम्बर से 18 नवम्बर तक 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान शुरु किया गया है। प्रदेश में अभियान के तहत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने तथा आपातकालीन सहायता प्रणाली को सुदृढ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा गृह विभाग से समेकित रिपोर्ट प्राप्त कर सड़क सुरक्षा अभियान की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है।

                इस अभियान के सफल संचालन हेतु विभागवार जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। पुलिस विभाग को इसकी नोडल एजेंसी एवं फील्ड को-ऑर्डिनेटर बनाया गया है, जो सम्पूर्ण प्रदेश में अभियान का फील्ड-लेवल समन्वय एवं पर्यवेक्षण सुनिश्चित कर रहा है। विभाग द्वारा शराब पीकर, तेज गति से, गलत दिशा में या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालो के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान शुरु किया जा रहा है तथा बिना रिफ्लेक्टर या नंबर प्लेट वाले वाहनों पर विधिक कार्रवाई प्रारंभ की गई है। सभी राजमार्गों और प्रमुख सड़कों पर संबधित थाना एवं यातायात टीमें प्रभावी कार्रवाई के लिए तैनात कर दी गई हैं। साथ ही,यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि हाईवे मोबाइल यूनिट एवं एम्बुलेस निर्धारित मानको के अनुसार कार्यरत है। सभी छह लेन राजमार्गों पर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 मॉडल के अनुरूप लेन ड्राइविंग सिस्टम लागू किया जाएगा।

शराब सेवन तथा ओवरस्पीड मामलों में चालकों के ड्राइविंग लाइसेस निलंबित

                सड़क सुरक्षा अभियान में परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा ओवरलोडिंग, अनाधिकृत संचालन, फिटनेस उल्लंघन इत्यादि पर सख्त कार्रवाई करने के साथ ही, शराब सेवन तथा ओवरस्पीड मामलों में चालकों के ड्राइविंग लाइसेस निलम्बन/निरस्तीकरण की कार्यवाही शुरु की गई है। विभाग द्वारा वाहन चेकिंग अभियान, रिफ्लेक्टर टेप लगवाने, सड़क सुरक्षा कार्यशालाएँ एवं जन जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

हटेंगे अवैध ढाबे और अनाधिकृत संरचनाएं

                अभियान में सार्वजनिक निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित संबंधित एजेंसियों द्वारा सभी राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अनाधिकृत कट 15 दिनों में बंद किए जाएंगे। विभाग द्वारा सभी सड़को पर व्हाइट लाइनिंग कार्य कराने, डिवाइडर अथवा मीडियन पर रेलिंग या सुरक्षा जाल लगाने, सड़क किनारे झाड़ियाँ हटाने तथा पटरी एवं गड्डों की मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। नियमानुसार चेतावनी, संकेतक एवं साइन बोर्ड लगाने के साथ ही अवैध ढाबे, बस स्टैंड एवं अनाधिकृत संरचनाएं भी हटाना शुरु कर दिया गया है। दुर्घटना संभावित अनअटेंडेड पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने हेतु कार्ययोजना बनाने से लेकर सर्विस लेन तथा ट्रक चालकों हेतु विश्राम स्थलों की समीक्षा की जाएगी।

45 वर्ष से अधिक आयु के वाहन चालकों का होगा नेत्र परीक्षण

                चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी वाहन चालकों के नेत्र परीक्षण के लिए अभियान चलाया जाएगा। साथ ही, एम्बुलेंस की उपलब्धता, ट्रॉमा सेंटर एव निकटवर्ती अस्पतालो की व्यवस्थाओं को भी और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि प्रभावितों को त्वरित चिकित्सकीय सुविधा मिल सके। अभियान के तहत नगरीय विकास एवं स्थानीय निकाय विभाग द्वारा भी फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने के साथ ही ट्रैफिक सिग्नलिंग सिस्टम व सड़क प्रकाश व्यवस्था का दुरुस्तीकरण तथा जन-जागरूकता हेतु बैनर, पोस्टर एव डिजिटल डिस्प्ले लगाए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में भारी वाहनों की नो एंट्री सीमा एवं समय निर्धारण का भी पुनः परीक्षण किया जा रहा है।

अत्यधिक समय तक वाहन चलवाने पर दंडात्मक कार्यवाही

                सड़क सुरक्षा अभियान के तहत ट्रांसपोर्ट कपनियों पर चालकों से अत्यधिक समय तक वाहन चलवाने की शिकायतों की जांच कर श्रम विभाग द्वारा दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। चालकों के कार्य घंटे व विश्राम समय की पालना सुनिश्चित करने हेतु निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान शुरु किया गया है। इस संबंध में सभी जिलों स्तरीय अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की जा रही है।

                जिला स्तर पर अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से जिला सड़क सुरक्षा समिति के माध्यम से अभियान की मॉनिटरिंग की जा रही है। अभियान के माध्यम से एनजीओ, स्वयसेवी संस्थाएँ एव स्थानीय युवाओं को जोड़ने, तथा हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल उपयोग निषेध, डिपर उपयोग आदि का विशेष प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। साथ ही, दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया जा रहा है।