Breaking News
CM IN GOVERDHAN:मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने श्रीनाथजी मंदिर में की पूजा-अर्चना- प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की
मुख्यमंत्री ने श्रीनाथजी मंदिर परिसर में नवनिर्मित पक्षी-घर का किया उद्घाटन

जयपुर, 01 जनवरी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को डीग स्थित श्रीनाथ जी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की प्रगति, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए कामना की। 

शर्मा ने सपरिवार श्रीनाथ जी महाराज का पंचामृत अभिषेक किया। उन्होंने दूध, दही, घी, शहद और शर्करा से श्रीनाथजी का अभिषेक किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए अनुष्ठान में श्रीनाथ जी के मुकुट मुखारबिंद का विशेष श्रृंगार और पूजन किया। इससे पहले उन्होंने जतिपुरा पर संत-साधुओं को भोजन प्रसादी भी ग्रहण करवाई।

मुख्यमंत्री ने पक्षी-घर का किया उद्घाटन

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में नवनिर्मित पक्षी-घर का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मूक प्राणियों का संरक्षण मानव का परम धर्म है। यह पक्षी-घर क्षेत्र के पक्षियों के लिए दाना-पानी और सुरक्षित आश्रय का केंद्र बनेगा। 

इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की गिरिराज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा
श्रीनाथजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की, परिक्रमा मार्ग में उमड़ा जनसैलाब, गिरिराज जी महाराज के लगे जयकारे

    जयपुर, 31 दिसम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को सपरिवार डीग स्थित श्रीनाथजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर से गोवर्धन पर्वत की लगभग 21 किलोमीटर की सप्तकोसीय परिक्रमा भक्तिभाव से पूरी की।

                मुख्यमंत्री ने ‘पांच दंडवती’ (साष्टांग प्रणाम) लगाकर ब्रज की पावन धरा पर आराध्य देव गोवर्धन गिरिराज जी महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा प्रारंभ की। इस दौरान उन्होंने मुखारविंद, मानसी गंगा एवं दानघाटी मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना की।

                परिक्रमा के दौरान श्री शर्मा का जगह-जगह स्थानीय नागरिकों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर सभी से आत्मीयता के साथ रामा-श्यामा की। पूरा परिक्रमा मार्ग ‘बोलो गिरिराज महाराज की जय’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

                इससे पहले गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढम सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगणों ने पूंछरी का लौठा स्थित हैलीपेड पर मुख्यमंत्री की अगवानी की।

उत्साह, उमंग और उल्लास से मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस 2026 का राज्य स्तरीय समारोह
राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक,सवाई मानसिंह स्टेडियम में होगा आयोजन -जर्मन ड्रिल, एमजीडी बैंड, मनमोहक झांकियां रहेंगी आकर्षण का केन्द्र, प्रमुख स्थानों पर होगी सजावट

जयपुर, 30 दिसम्बर। मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने कहा कि गणतंत्र दिवस-2026 का राज्य स्तरीय समारोह हर वर्ष की तरह हर्षाेल्लास, उमंग के साथ भव्यता और परंपरागत रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस-2026 के राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में किया जाएगा। 

मुख्य सचिव मंगलवार को शासन सचिवालय में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह-2026 की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 77वें गणतंत्र दिवस के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों के अधिकारी अपने निर्धारित दायित्व को पूरा करते हुए आपसी समन्वय से कार्य करें। श्री श्रीनिवास ने अधिकारियों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी प्रमुख भवनों, दर्शनीय स्थलों तथा राजकीय कार्यालयों व प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर आकर्षक सजावट करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह में अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कहा।

मुख्य सचिव ने राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि समारोह स्थल पर आगंतुकों की बैठने की व्यवस्था, पेयजल, मेडिकल टीम की तैनाती, सुरक्षा तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने सभी स्थानों पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि समारोह के दौरान स्कूली बच्चों के कार्यक्रम, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां तथा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संपन्न करवाई जाएं। उन्होंने पुलिस, स्वायत्त शासन, नगरीय विकास, सार्वजनिक निर्माण, शिक्षा तथा सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य कर अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही, लोकभवन में आयोजित होने वाले एट होम कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

जर्मन ड्रिल, एमजीडी बैंड, और झांकियां रहेंगी आकर्षण का केन्द्र

बैठक में शासन सचिव, सामान्य प्रशासन नवीन जैन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मुख्य समारोह में कार्यक्रमों की श्रृंखला में जर्मन ड्रिल का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा लगभग 1200 छात्र-छात्राओं के द्वारा कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही, इस वर्ष एमजीडी सहित प्रमुख बैण्ड्स द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।

बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। 

जल क्षेत्र में आत्मनिर्भर राजस्थान राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता,आमजन व किसानों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करना हमारा संकल्प : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
रामजल सेतु लिंक परियोजना सहित अन्य कार्यों में लाएं तेजी

जयपुर, 29 दिसम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश को जल क्षेत्र में पूर्ण आत्मनिर्भर बनाना राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सरकार ने कार्यकाल की शुरुआत से ही अनेक महत्वपूर्ण जल एवं सिंचाई परियोजनाओं की पहल की है ताकि प्रदेशवासियों को पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रामजल सेतु लिंक परियोजना सहित अन्य कार्यों में और तेजी लाई जाए।

मुख्यमंत्री शर्मा सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आमजन और किसानों तक जल की उपलब्धता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सिंचाई परियोजनाओं एवं विकास कार्यों को नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।

रामजल सेतु लिंक परियोजना के कार्यों में आए तेजी—

श्री शर्मा ने कहा कि राज्य के समग्र विकास में जल एक मूलभूत आवश्यकता है। इसी दृष्टि से सरकार ने जल स्रोतों के विकास, उनकी संग्रहण क्षमता बढ़ाने तथा जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना के माध्यम से प्रदेश की बड़ी आबादी को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। परियोजना के चरणबद्ध कार्यों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। 

बैठक में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि परियोजना के अन्तर्गत लगभग 9400 करोड़ रुपये की लागत के 3 प्रगतिरत कार्यों में से रामगढ बैराज एवं महलपुर बैराज के काफर डेम एवं ड्रेनेज चैनल का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। नवनेरा बैराज से पानी को बीसलपुर एवं ईसरदा बांध में अपवर्तन करने के लिए चम्बल नदी पर एक्वाडेक्ट तथा मेज से गलवा, गलवा से ईसरदा बीसलपुर फीडर के कार्य भी प्रगतिरत हैं।

उन्होंने बताया कि रामजल सेतु परियोजना के अन्तर्गत बीसलपुर से मोर सागर (अजमेर),  ईसरदा से बंध बारैठा (भरतपुर), ईसरदा से रामगढ (जयपुर), खुरा चैनपुुरा से जयसमंद (अलवर) एवं ब्राह्मणी बैराज के लगभग 14 हजार 600 करोड़ रुपये के पांच कार्य भी शीघ्र आरम्भ किए जाएंगे। 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अन्य परियोजनाओं के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जल संसाधन विभाग एवं मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

अरावली क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ जयपुर में बड़ी कार्रवाई
2 एक्सकेवेटर सहित 16 वाहन किए जब्त

जयपुर, 29 दिसंबर। जयपुर जिले में अरावली पर्वतमाला क्षेत्र में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के नेतृत्व में चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई।

खनिज अभियंता श्याम चौधरी ने बताया कि जिला प्रशासन, खनिज विभाग एवं पुलिस विभाग की समन्वित टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई कर अवैध खनन में प्रयुक्त भारी मशीनरी एवं परिवहन वाहनों को जब्त किया गया। अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई में दो एक्सकेवेटर मशीन सहित 16 वाहन जब्त किए गए हैं।

पुलिस थाना खोड़ा विश्ल क्षेत्र के ग्राम बावड़ी, तहसील कालवाड़ में चुनाई पत्थर का अवैध खनन करते पाए गए दो एक्सकवेटर मशीन एवं तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई।  पुलिस थाना शिवदासपुरा क्षेत्र में बजरी का अवैध परिवहन करते हुए एक डंपर तथा चुनाई पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस थाना कोटखावदा क्षेत्र में चुनाई पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली, पुलिस थाना फागी क्षेत्र में खनिज के अवैध परिवहन में लिप्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त पुलिस थाना मोखमपुरा क्षेत्र में बजरी के अवैध परिवहन में संलग्न दो ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा चुनाई पत्थर के अवैध परिवहन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया ।

अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस थाना गलता गेट क्षेत्र में चुनाई पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, पुलिस थाना खोड़ा विश्ल क्षेत्र में बजरी का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया ।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने रविवार को सम्बंधित अधिकारियों की बैठक में सख्त निर्देश दिए कि अरावली क्षेत्र की पारिस्थितिकी को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी प्रकार के अवैध खनन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करें, कठोर कार्रवाई करें। अवैध खनन में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी तथा आगे भी इस प्रकार के संयुक्त अभियान लगातार चलाए जाएंगे ।

अधिकारी जनता की समस्याओं का करें त्वरित समाधान: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर, 29 दिसम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण को सर्वोपरि मानते हुए प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है। गरीब, युवा, किसान, महिलाओं सहित...

जयपुर, 29 दिसम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण को सर्वोपरि मानते हुए प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है। गरीब, युवा, किसान, महिलाओं सहित सभी वर्गों का उत्थान राज्य सरकार की योजनाओं एवं नीतियों का केन्द्र-बिन्दु है। मुख्यमंत्री निवास पर की जा रही जनसुनवाई में भी मुख्यमंत्री इन वर्गों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहे हैं। जनसुनवाई में अपनी समस्याओं के मौके पर ही समाधान से आमजन बेहद खुश नजर आए। 

मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने आमजन की परिवेदनाओं को व्यक्तिशः सुना तथा अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान में कोताही नहीं बरतें तथा सर्वोच्च प्राथमिकता से इनका निस्तारण करें। श्री शर्मा ने लापरवाह कार्मिकों पर सख्त कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। 

मुख्यमंत्री ने इस दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल सहित विभिन्न विभागों की आमजन से जुड़ी परिवेदनाओं को सुना और उनका मौके पर ही निस्तारण किया। इस दौरान श्री शर्मा ने विभिन्न संस्थाओं द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के पोस्टर विमोचन भी किए। 

इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।

राज्य सरकार ने दो वर्ष में 71 नए महाविद्यालय किए स्थापित
संसदीय कार्य मंत्री के मुख्य आतिथ्य में श्री राजपुत विकास समिति का प्रतिभा सम्मान समारोह हुआ आयोजित

जयपुर,28 दिसम्बर। श्री राजपुत विकास समिति का वार्षिक समाज सुधार सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार को जोधपुर के पाबूजी धाम सुरेलाव तालाब पीसावास में संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य और पूर्व राज्यसभा सांसद एवं पद्मभूषण डॉ नारायण सिंह माणकलाव के सानिध्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में 42 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

आरटीई के तहत 2130.94 करोड़ रुपये की फीस किया पुनर्भरण—
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने 2 वर्ष के कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा दो वर्ष में 10 लाख 51 हजार साइ‌किलें और मेधावी विद्यार्थियों को 88 हजार 724 टैबलेट वितरित किए गए। उन्होंने कहा आरटीई के अन्तर्गत निजी विद्यालयों को 2130.94 करोड़ रुपये की फीस का पुनर्भरण किया गया।

दो वर्ष में 39 हजार 586 स्कूटियों का किया वितरण—
विधि मंत्री ने कहा दो वर्ष में 71 नवीन राजकीय महाविद्यालयों की स्थापना की गई। साथ ही 7 नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए गए। उन्होंने कहा काली बाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी एवं देवनारायण स्कूटी योजना के अन्तर्गत 39 हजार 586 स्कूटियों का वितरण किया गया।

श्री पटेल ने कहा शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव है। शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति में संस्कार, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा आज के समय में युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को भी अपनाना चाहिए, ताकि वे समाज को सही दिशा दे सकें।

खाद्य मंत्री गोदारा ने बीकानेर के लूणकरणसर में दर्जनों कार्यों का किया शिलान्यास व लोकार्पण
खाद्य मंत्री श्री गोदारा ने बीकानेर के लूणकरणसर में दर्जनों कार्यों का किया शिलान्यास व लोकार्पण

जयपुर, 27 दिसम्बर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा शनिवार को बीकानेर के लूणकरणसर क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास कर ग्रामीणों के अनेक सौगातें दी। श्री गोदारा ने पीपेरा में 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित सार्वजनिक सामुदायिक भवन, 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित नाथ समाज के सामुदायिक भवन व पंचायत परिसर में 11 लाख रुपए से निर्मित टीन शैड मय कोटा स्टोन कार्य का लोकार्पण किया। पीपेरा गांव में ही रेलवे गेट से अंडर ब्रिज तक 18 लाख रुपए की लागत से 1 किलोमीटर सड़क के नवीनीकरण के कार्य व पीपेरा रेलवे गेट से रेलवे अंडरब्रिज तक 34 लाख रुपए से 1 किलोमीटर मिसिंग लिंक सड़क का शिलान्यास किया। 

इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गत दो वर्षों में प्रदेश में रिकॉर्ड विकास कार्य हुए हैं। जिनसे आमजन को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि आज लगातार नई सड़कें बन रही हैं। अस्पतालों में सुविधाओं की बढ़ोतरी हुई है। स्कूलों में संसाधन बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र के लिए भी अनेक कार्य स्वीकृत हुए हैं।

रामबाग से राणीसर तक बनेगी सड़कश्री गोदारा ने रामबाग में रामबाग से राणीसर तक 2 कि.मी. सड़क का शिलान्यास किया। इस कार्य पर 66.50 लाख रुपए व्यय होंगे। उन्होंने मुख्य गुवाड़ में पार्क का लोकार्पण किया। इस कार्य पर 11 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। उन्होंने रामबाग गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की चार दीवारी का लोकार्पण किया। इस पर 10 लाख रुपए व्यय हुए हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा रामबाग से राणीसर तक की सड़क की मांग की जा रही थी। यह सड़क बनने से आमजन का आवागमन सुलभ होगा। उन्होंने निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं का लाभ बच्चों को मिले, इसके लिए अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को अधिक से अधिक पढ़ाएं। उन्होंने कहा कि लूणकरणसर को विकसित बनाने में कोई कसर नहीं आने दी जाएगी।

पानी, बिजली और चिकित्सा सुविधाओं में हुआ इजाफा —

खाद्य मंत्री ने घेसुरा गांव में उप स्वास्थ्य केन्द्र का शिलान्यास किया। इस पर पर 55 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के चिकित्सा के क्षेत्र में सर्वाधिक कार्य किए हैं। जिससे आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने लगी हैं। उन्होंने महाजन वॉटर वर्क्स डिग्गी सफाई, फिल्टर भवन मरम्मत व सीसी ब्लॉक का लोकार्पण किया। इन कार्यों पर 47 लाख रुपए खर्च किए गए। महाजन के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में 25 लाख रुपए से निर्मित मोर्चरी रूम व सीसी ब्लॉक का शिलान्यास किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में आधुनिक लैब का शिलान्यास किया। इस कार्य पर 77 लाख रुपए खर्च होंगे। श्री गोदारा ने ढाणी छिल्ला में 27 लाख रुपए की लागत से निर्मित ट्यूबवैल का लोकार्पण किया।

इस दौरान उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। आने वाले बजट में जिले को और कई सौगातें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से किए वादे पूरे किए हैं। आज प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और उनके समाधान के लिए निर्देशित किया।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने किया विभिन्न विकास कार्यों का शुभारम्भ
अजमेर उत्तर विधानभा क्षेत्र को मिली सौगात

जयपुर, 27 दिसम्बर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 79 लाख रूपए की लागत से बनने वाली विभिन्न सड़कों का शुभारम्भ किया। इन विकास कार्य से क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी तथा कॉलोनी की आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी।

श्री देवनानी ने शनिवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया। इनमें वरूण सागर रोड स्थित झूलेलाल कॉलोनी में 43 लाख रूपए की लागत से बनने वाली मुख्य सड़क, वार्ड 77 स्थित प्रेम प्रकाश आश्रम से वर्धमान मार्बल (गांधी नगर) तक 15 लाख रूपए तथा वार्ड 78 स्थित चित्रकूट कॉलोनी सेक्टर बी में भरत शर्मा के मकान के पास वाली गली में 21 लाख रूपए की लागत से बनने वाली सड़क कार्यों का शुभारम्भ किया गया। यह सभी सड़के सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा बनवाई जाएंगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री देवनानी ने कहा कि इन विकास कार्य से क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी तथा कॉलोनी की आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी। क्षेत्र के हर वार्ड तक विकास पहुंचाना हमारा संकल्प है। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़कें आवागमन को सुगम बनाने के साथ व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं दैनिक जीवन की गतिविधियों को भी गति प्रदान करती हैं। पारदर्शिता एवं गुणवत्ता उनके कार्यों की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में तथा तय मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।

श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र में अब तक करोड़ों रुपए की सड़कें बन चुकी हैं, नई सड़को का निर्माण करवाया जा रहा है तथा आवश्यकता अनुसार ध्यान में रखते हुए सीसी सड़कों का निर्माण भी करवाया जा रहा है। क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए यहां एक नया रिजर्वायर प्रस्तावित है। इससे बीसलपुर का पानी बेहतर प्रेशर के साथ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पेयजल परियोजनाओं के साथ-साथ सुरक्षा से जुड़े कार्यों तथा महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट जैसे जनोपयोगी कार्यों पर प्राथमिकता के साथ करोड़ों रुपये व्यय कर विकास कार्य करवाए गए हैं।

राजस्थान के मरीज भी करा सकेंगे दूसरे राज्यों में उपचार: चिकित्सा मंत्री
मेडिकल कॉलेज अजमेर का हीरक जयंती समारोह— चिकित्सा सेवा महान कार्य, मातृभूमि की सेवा करें चिकित्सक- विधानसभा अध्यक्ष

जयपुर, 27 दिसम्बर। राजकीय जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने पर दो दिवसीय हीरक जयंती समारोह शनिवार से अजमेर में शुरू हुआ। शुभारम्भ समारोह में विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी, चिकित्सा मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर एवं विधायक श्रीमती अनिता भदेल सहित देश-विदेश में कार्यरत मेडिकल कॉलेज के सैकड़ों पूर्व छात्र एवं देश के नामचीन डॉक्टर्स जुटे।

हीरक जयंती समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि चिकित्सा सेवा महान कार्य है। चिकित्सक अपने जीवन के उच्च मूल्यों को बनाए रखें। मातृभूमि की सेवा सबसे बड़ी सेवा है। यह सदैव याद रखें और देश व समाज के प्रति अपने आदर्श कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें। चिकित्सक आम आदमी के लिए भगवान का रूप होता है। वह उपचार के साथ ही स्नेहिल स्पर्श और संवेदनशील होकर काम करता है तो मरीज और जल्दी ठीक हो जाता है। अपनत्व का भाव ही मरीज की चिकित्सा का सबसे बड़ा मंत्र है।

देवनानी ने कहा कि वर्ष 1851 में एक डिस्पेंसरी के रूप में इस अस्पताल की शुरूआत हुई। इसके बाद 1895 में यह बड़ा अस्पताल बना। इसके बाद वर्ष 1965 में मेडिकल कॉलेज की शुरूआत हुई। राज्य सरकार ने दो साल में अजमेर के चिकित्सा जगत को बड़ी सौगात दी हैं। अजमेर के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के लिए 190 करोड़ रूपए की मंजूरी मिली है। यह राशि तीन चरणों में खर्च होगी। सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक बनने के बाद अजमेर संभाग के मरीजों को विशेषज्ञ सेवाओं के लिए जयपुर या दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। इसी तरह मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए भी राशि आवंटित की गई है। इसका 80 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। शेष भी जल्द पूरा होगा। जेएलएन अस्पताल के जीर्णोद्धार के लिए 50 करोड़ रूपए खर्च होंगे। कोटड़ा क्षेत्र में सैटेलाईट अस्पताल का निर्माण हो रहा है। इसी तरह अन्य चिकित्सा सेवाएं भी अजमेर को मिली है।

उन्होंने चिकित्सकों से अपील की है कि अपने इस मेडिकल कॉलेज की सहायता में भी आगे आएं। यह जयपुर के बाद राज्य का दूसरा सबसे बड़ा अस्पताल है। उन्होंने कहा कि आज नई तकनीकों का जमाना है। जीनोमिक्स, रोबोटिक एवं एआई आधारित चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किए जाने की आवश्यकता है। श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर में उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के लिए वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस.के. अरोड़ा, डॉ. एस.आर. मित्तल व डॉ. एल.के. नेपालिया के योगदान को याद किया जाएगा।

चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि राज्य सरकार के दो सालों में राजस्थान ने चिकित्सा क्षेत्र में नई ऊंचाईयां हासिल की है। मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में चिकित्सा जगत के लिए हजारों करोड़ रूपए का बजट आवंटित किया गया है। राज्य के मरीज अब दूसरे राज्यों में बड़े अस्पतालों में भी उपचार करा सकते हैं। चिकित्सा जगत के प्रति आमजन में अटूट विश्वास है। चिकित्सक इस विश्वास को बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में पिछले दो साल में 50 हजार चिकित्साकर्मियों की भर्ती की गई है। इनमें चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ सहित अन्य स्टाफ शामिल है। राज्य सरकार प्रदेश को मेडिकल टूरिज्म का हब बनाने की दिशा में पूरी ताकत से काम कर रही है। उन्होंने बड़े अस्पतालों से अपील की है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाएं दें। इसमें राज्य सरकार पूरा सहयोग प्रदान करेगी। तहसील स्तर पर चिकित्सा सेवाओं का विस्तार हो। श्री खींवसर ने कहा कि अजमेर के लिए भी कई अहम चिकित्सा सेवाओं का बजट उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि अस्पतालों का निर्माण पूरी तरह वैज्ञानिक तरीके एवं विशेषज्ञता के साथ हो।

इस अवसर पर अजमेर दक्षिण विधायक श्रीमती अनिता भदेल ने कॉलेज की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों एवं भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए चिकित्सकीय शिक्षा और सेवाओं के क्षेत्र में इसके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि हीरक जयंती समारोह में देश-विदेश से आए वे सभी चिकित्सक, जिन्होंने इस मेडिकल कॉलेज से शिक्षा प्राप्त कर अजमेर और राजस्थान का नाम रोशन किया है, उनकी स्मृतियां यहां अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए सदैव प्रेरणास्त्रोत रहेंगी। ऎसे चिकित्सकों का अनुभव, समर्पण और सेवाभाव आने वाली पीढ़ी के मेडिकल छात्रों को उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देता है।

श्रीमती भदेल ने कहा कि आज से लगभग 60 वर्ष पूर्व जब इस मेडिकल कॉलेज की स्थापना हुई थी, तब इसकी संरचना, संसाधन और सुविधाएं वर्तमान जैसी नहीं थीं। वर्ष 2025 में यह संस्थान आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, सुपरस्पेशलिटी सेवाओं, नवीन तकनीकों और चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवाचारों का सशक्त केंद्र बन चुका है। यह परिवर्तन राज्य सरकार के प्रयासों का परिणाम है। वर्तमान समय में जैसे-जैसे नई और जटिल बीमारियां सामने आ रही हैं, वैसे-वैसे चिकित्सा क्षेत्र में नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों का विकास भी हो रहा है। इन आधुनिक तकनीकों के माध्यम से मरीजों को बेहतर, त्वरित और प्रभावी इलाज उपलब्ध हो पा रहा है।

इस अवसर पर राजस्थान लोक सेवा आयोग के सदस्य डॉ. अशोक कुमार कालवाड़, प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया, अधीक्षक डॉ. अरविन्द खरे सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। भामाशाहों व चिकित्सकों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।