Breaking News
अधिकारी जनता की समस्याओं का करें त्वरित समाधान: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जयपुर, 29 दिसम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण को सर्वोपरि मानते हुए प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है। गरीब, युवा, किसान, महिलाओं सहित...

जयपुर, 29 दिसम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण को सर्वोपरि मानते हुए प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है। गरीब, युवा, किसान, महिलाओं सहित सभी वर्गों का उत्थान राज्य सरकार की योजनाओं एवं नीतियों का केन्द्र-बिन्दु है। मुख्यमंत्री निवास पर की जा रही जनसुनवाई में भी मुख्यमंत्री इन वर्गों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहे हैं। जनसुनवाई में अपनी समस्याओं के मौके पर ही समाधान से आमजन बेहद खुश नजर आए। 

मुख्यमंत्री ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने आमजन की परिवेदनाओं को व्यक्तिशः सुना तथा अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान में कोताही नहीं बरतें तथा सर्वोच्च प्राथमिकता से इनका निस्तारण करें। श्री शर्मा ने लापरवाह कार्मिकों पर सख्त कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। 

मुख्यमंत्री ने इस दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल सहित विभिन्न विभागों की आमजन से जुड़ी परिवेदनाओं को सुना और उनका मौके पर ही निस्तारण किया। इस दौरान श्री शर्मा ने विभिन्न संस्थाओं द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के पोस्टर विमोचन भी किए। 

इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।

अवैध खनन के खिलाफ चलाएं विशेष अभियान- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
वन एवं खान विभाग की समीक्षा बैठक— अरावली पर्वतमाला प्रदेश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर, इसके संरक्षण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध

जयपुर, 27 दिसम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि अरावली पर्वतमाला प्रदेश की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है और राज्य सरकार इसके संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट रुख है कि अरावली के स्वरूप के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए अरावली जिलों में वन एवं पर्यावरण, खान तथा पुलिस सहित संबंधित विभागों की ओर से संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से इस संबंध में कड़ी कार्रवाई करें।

श्री शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित वन एवं पर्यावरण और खान विभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अरावली क्षेत्र में किसी भी प्रकार के नए खनन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस संबंध में केन्द्र सरकार की ओर से भी निर्देश जारी किए गए हैं। ये निर्देश पूरे अरावली भू-भाग पर समान रूप से लागू होंगे। इससे पर्वत श्रंृखला के प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखा जा सकेगा और अनियमित व अवैध खनन पर प्रभावी रूप से रोक लग सकेगी।

हरित अरावली विकास परियोजना के तहत होगा सघन वृक्षारोपण—

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खनन लीज जारी करने में सुप्रीम कोर्ट और सीईसी द्वारा समय-समय पर जारी की गई गाइडलाइंस के साथ ही सभी पर्यावरण सुरक्षा उपायों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि अरावली पर्वतमाला को हरा-भरा बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये की हरित अरावली विकास परियोजना बनाई गई है। परियोजना के तहत अरावली जिलों के 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सघन वृक्षारोपण करवाया जा रहा है।

बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, वन एवं पर्यावरण तथा खान विभाग के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार का भण्डाफोड
कार्यवाही के दौरान मौके पर कुल 66 कॉमर्शियल व घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त


जिला प्रशासन के स्तर से संचालित ऑपरेशन प्रवर्तन सतर्क नागरिक सुरक्षित शहर के तहत जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार गोपनीय सूचना तंत्र के माध्यम से सूचना प्राप्त होने पर जिला रसद अधिकारी जयपुर प्रथम द्वारा तत्काल विशेष सतर्कता दलों का गठन किया गया। जिला रसद कार्यालय द्वारा गठित सतर्कता दल की प्रवर्तन निरीक्षक कीर्ति शर्मा द्वारा लवकुश नगर द्वितीय, बरकत नगर, जयपुर में जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण के नेतृत्व में दबिश दी गई।

चारण के नेतृत्व में सतर्कता दल द्वारा की गयी कार्यवाही के दौरान लवकुश नगर द्वितीय, बरकत नगर, जयपुर में स्थित मकान नम्बर 62 बी के परिसर तथा पास ही स्थित अन्य दुकान जायसवाल एंटरप्राईजेज में 66 गैस सिलेण्डरो (29 घरेलू व 37 वाणिज्यिक सिलेण्डर) का भण्डारण पाया गया जिनका अवैध रूप से भण्डारण कर क्रय-विक्रय होना पाया गया। कार्यवाही के दौरान मौके पर कुल 66 कॉमर्शियल व घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त किये गये।

जयपुर शहर में आये दिन ऐसे अवैध गैस रिफलिंग सेन्टर हादसों का मुख्य कारण बनते जा रहे है। शहर में अत्यधिक संख्या में पाये गये गैस सिलेण्डर भण्डारण व रिफिलिंग खुले में मिलने से कभी भी अप्रिय घटना एवं जन हानि होने की पूर्ण सम्भावना बनी रहती है। जिससे किसी भी अवैध स्टॉक में से शहर के रिहायशी क्षेत्र में हादसे की आंशका सदैव बनी रहती है क्योंकि यह अवैध भण्डारण सेंटर बिना सुरक्षा मानको को अपनाये अवैध रूप से सचालित होते है। घरेलू गैस सिलेण्डरों का अवैध क्रय विक्रय, अवैध भण्डारण एवं दुरूपयोग जाये जाने पर दोषियों के विरूद्ध द्रवित पैट्रालियम गैस (रग्यूलेशन आफ सप्लाई एण्ड डिस्ट्रीब्यूशन) आदेश 2000 के प्रावधानों एवं सपठित आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अन्तर्गत पुलिस थाने में गैस सिलेण्डरों के अवैध भण्डारण माफियाओं के विरूद्ध नामजद एफआईआर दर्ज करवायी गयी है।

जयपुर शहर में ऐसे अवैध रिफलिंग सेन्टरों के संचालन होने से अवैध रिफलिंग को रोकने एव आवश्यक कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन जयपुर के निर्देशन में सख्त कार्यवाही हेतु विशेष सर्च अभियान ’ऑपरेशन प्रवर्तन’ (सतर्क नागरिक व सुरक्षित शहर) के तहत सतर्कता दलों का गठन किया गया है।

विभाग द्वारा संचालित ’ऑपरेशन प्रवर्तन’ (सतर्क नागरिक व सुरक्षित शहर) अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा एवं अवैध रिफलिंग में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जावेगी। इस हेतु जयपुर शहर के आमजन से अनुरोध है कि किसी भी संदिग्ध गैस रिफलिंग सेंटर/वितरण गतिविधि की सूचना विभाग को दें ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकें।

हस्तशिल्पियों को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के नए अवसर दे रही राज्य सरकार : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव-2026 प्रदेश की आठ करोड़ जनता का कल्याण सर्वोपरि- हस्तशिल्प उद्योग ने ग्रामीणों का किया सशक्तीकरण
चिकित्सा मंत्री ने किया रक्तदान शिविर का अवलोकन 
कहा - जीवन बचाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य

जयपुर, 27 दिसम्बर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रदेश में निरंतर स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीकी नवाचारों के माध्यम से उन्नत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का जीवन बचाने से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है। रक्तदान इस दिशा में एक श्रेष्ठ कार्य है। सभी स्वस्थ व्यक्तियों को इस नेक कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए। 

चिकित्सा मंत्री ने शुक्रवार को सवाई मानसिंह अस्पताल में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में शिरकत करते हुए यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि राजस्थान के कण-कण में त्याग, बलिदान एवं सर्वस्व न्यौछावर करने की गाथाएं रची-बसी हैं। राजस्थान की इस त्याग एवं समर्पण की संस्कृति को आत्मसात करते हुए हमें रक्तदान जैसे पुण्य कार्य के लिए आगे बढ़कर सहयोग प्रदान करना चाहिए। प्रसन्नता का विषय है कि विगत समय में समाज में रक्तदान के प्रति भ्रांतियां दूर हुई हैं और जागरूकता बढ़ी है। इससे आपातकालीन स्थितियों में बड़ी संख्या में लोगों का जीवन बचाना संभव हुआ है। 

चिकित्सा मंत्री ने इस अवसर पर रक्तदान शिविर का अवलोकन किया और रक्तदाताओं से संवाद भी किया। उन्होंने इस पुनीत कार्य में सहयोग करने वाले सभी रक्तदाताओं, स्वास्थ्यकर्मियों एवं एसएमएस अस्पताल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से यूनिवर्सल हेल्थ करवरेज की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। विगत दो वर्ष में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। इससे आमजन इलाज खर्च की चिंता से मुक्त हुआ है और गांव-ढाणी तक स्वास्थ्य सेवाएं सुगमता से मिल रही हैं। 

इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त नरेश गोयल, सवाई मानसिंह मेडिकल काॅलेज के प्रधानाचार्य डाॅ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डाॅ. मृणाल जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। 

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पर्यटन, कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से किये जा रहें विकास कार्यों की ली समीक्षा बैठक
जयपुर, 26 दिसम्बर। उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजस्थान धरोहर प्राधिकरण श्री ओंकार सिंह लखावत, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन प्रवीण गुप्ता,...

जयपुर, 26 दिसम्बर। उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजस्थान धरोहर प्राधिकरण श्री ओंकार सिंह लखावत, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन प्रवीण गुप्ता, अतिरिक्त निदेशक पर्यटन आनंद त्रिपाठी, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामरतन शर्मा की उपस्थिति में शासन सचिवालय में पर्यटन विभाग से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं तथा महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विभाग की ओर से पुष्कर प्रोजेक्ट पर चर्चा कर प्रगति की जानकारी ली तथा इस हेतु शीघ्रता से कार्य किये जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली में कल्चररल सेंटर बनाने की सम्भावना पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए। 

उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्थान की परंपरिक पेंटिंग, भित्ति चित्रकारी तथा इससे जुड़ी अन्य कलाओं का नई पीढ़ी को सिखाई जाए। कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से इस हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान धरोहर प्राधिकरण द्वारा झुन्झुनूं में बनवाये जाने वाले वार म्यजियम निर्माण पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आमेर के अंदरूनी क्षेत्र हेतु मास्टरप्लान बनाकर कार्य किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आमेर का इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट किया जाए। जिसमें सुरक्षा और पार्किंग, सफाई, दुकानों का व्यस्थिकरण तथा अन्य सुविधाओं का योजना अनुसार विकास किया जाए। उन्होंने जवाहर कला केन्द्र से सम्बंधित विकास कार्यों पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए तथा एएसआई के मोनूमेंट पर प्रॉपर लाइटिंग के निर्देश दिए। 

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को पर्यटन विभाग की विकास शाखा/टीआरसी जयपुर की ओर से जेडीए को जयपुर में कॉन्सर्ट पर्यटन के विकास हेतु भूमि आवंटन की प्रगति की जानकारी दी गई।  

बैठक में आरटीडीसी लैंड डिस्पोजल रूल्स में जल्दी परिवर्तन की जानकारी दी गई। उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि श्री खाटू श्याम जी मंदिर परिसर में विकास कार्य प्रगतिरत है तथा सीएसएस वर्क जल्दी किया जायेगा। इसके साथ ही अवगत कराया गया कि ट्राईबल सर्किट बनाने के क्रम में टीएडी के सुझाव हेतु पत्रावली प्रेषित की गई है।

दिया कुमारी ने निर्देश दिए कि एकीकृत ग्रामीण पर्यटन विकास हेतु कार्य किए जाए। उन्होंने इस हेतु शुरुआती तौर पर शेखावाटी और आभानेरी में कार्य किये जाने की संभावना पर कार्य किये जाने के निर्देश दिए।

अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने बैठक में अभानेरी में ग्रामीण पर्यटन और मॉडल टूरिस्ट विलेजज हेतु अवगत कराया कि कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से पायलेट रूप में पांच गाँवों के लिए संस्कृति पोर्टल प्रस्तावित है। इसी प्रकार शेखावाटी में दो तीन स्थानों पर पायलट प्रोजेक्ट प्रस्तावित है।

राकेश शर्मा ने सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव का कार्यभार संभाला
जयपुर, 26 दिसम्बर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राकेश शर्मा ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव का कार्य भार ग्रहण...

जयपुर, 26 दिसम्बर। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राकेश शर्मा ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के आयुक्त एवं संयुक्त शासन सचिव का कार्य भार ग्रहण किया।

इस दौरान विभाग के अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) एवं पदेन शासन उप सचिव ,डॉ. गोरधन लाल शर्मा, अतिरिक्त निदेशक पत्र पंजीयन, नर्बदा इन्दोरिया एवं विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। 

सुशासन दिवस के अवसर पर पशुपालन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली सुशासन की शपथ
जयपुर, 25 दिसम्बर। प्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आज सुशासन दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पशुपालन विभाग में आयोजित...

जयपुर, 25 दिसम्बर। प्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आज सुशासन दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर पशुपालन विभाग में आयोजित कार्यक्रम में स्वर्गीय प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा पशुपालन, गोपालन और मत्स्य शासन सचिव डॉ समित शर्मा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पशुपालन और मत्स्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुशासन की शपथ ली।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने संविधान के मूल्यों के अनुरूप ईमानदारी, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का संकल्प लिया। शपथ के माध्यम से भ्रष्टाचार के विरुद्ध शून्य सहनशीलता अपनाने, समयबद्ध एवं प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर शासन सचिव डॉ समित शर्मा ने कहा कि सुशासन केवल एक अवधारणा नहीं, बल्कि शासन की वह कार्य संस्कृति है जिसमें पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ आमजन तक योजनाओं को लाभ पहुंचाया जाता है। श्रद्धेय अटल जी का सुशासन मॉडल हम सभी के लिए पथप्रदर्शक है। वे एक कुशल राजनीतिज्ञ, प्रखर वक्ता और दूरदर्शी नेता थे, जिनके नेतृत्व ने देश में सुशासन की अनुकरणीय मिसाल प्रस्तुत की। अगर हम सभी इस कार्य शैली को पूरी तरह अपनाकर कार्य करें तो नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान निकल सकता है और आमजन तक सरकार की हर सुविधा और योजना की पहुंच सुनिश्चित हो सकती है।

मारवाड़ महोत्सव सांस्कृतिक एकता और लोक परंपरा का अद्वितीय संगम – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
मारवाड़ी समाज की पहचान है सेवा, त्याग और समर्पण - लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला मारवाड़ महोत्सव के आयोजन से सांस्कृतिक विरासत बढ़ेगी आगे - केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र...

जयपुर, 22 दिसम्बर।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को ओडिशा के संबलपुर में मारवाड़ महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि देश-दुनिया में मारवाड़ी अपनी संस्कृति को संरक्षित कर एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार कर रहे हैं। मारवाड़ी समाज शिक्षा, चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में सामाजिक सरोकार के कार्य कर सभी जगह मेहनत व ईमानदारी से राजस्थान की मिट्टी की खुशबू को फैला रहे हैं।  

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की धरती ओडिशा अध्यात्म, धर्म, संस्कृति, संस्कार, साहित्य और देश की आजादी के लिए लड़ने वालों की भूमि है। उन्होंने कहा कि शौर्य और वीरता की धरती राजस्थान से यहां आए मारवाड़ी समाज का अपनी मातृभूमि से गहरा जुड़ाव है।

बिरला ने कहा कि मारवाड़ी समाज ओडिशा की धरती पर अपने कर्म और श्रम से अमूल्य योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान और ओडिशा का गहरा संबंध भी है। दोनों की आध्यात्मिक आस्था, संस्कृति और विचारों में समानता है। मारवाड़ी समाज ने कड़ी मेहनत से यहां के लोगों को भी अपना बनाया है। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया में मारवाड़ी समाज त्याग, सेवा और समर्पण से अपनी पहचान बना रहे हैं। 

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि मारवाड़ी समाज जन्मस्थली से जुड़कर कर्मस्थली पर सामाजिक दायित्वों को निभाते हैं। आपदा और संकट की घड़ी में मारवाड़ी समाज सदैव सहयोग के लिए आगे रहता है। इन्होंने शिक्षा के लिए विद्यालय खोले, चिकित्सालय और धर्मशालाएं भी बनाई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने प्रवासी राजस्थानियों को अपनी जन्मस्थली से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया है। इसी कड़ी में प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन किया। उन्होंने आह्वान किया कि विकसित भारत के सपने को साकार करने में सभी अपना सकारात्मक सहयोग दें। 

केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान और ओडिशा तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। एक भारत और श्रेष्ठ भारत के लिए राजस्थान और ओडिशा में निवेश के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मारवाड़ महोत्सव के आयोजन से हमारी सांस्कृतिक विरासत आगे बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश-दुनिया में मारवाड़ी अपनी संस्कृति को संरक्षित कर एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार कर रहे हैं। मारवाड़ी समाज शिक्षा, चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में सामाजिक सरोकार के कार्य कर सभी जगह मेहनत व ईमानदारी से राजस्थान की मिट्टी की खुशबू को फैला रहे हैं।  

भजनलाल शर्मा ने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित यह महोत्सव सांस्कृतिक एकता, लोक परंपरा और भारतीय गौरव का अद्वितीय संगम है। साथ ही, राजस्थान की लोक कला, संगीत, नृत्य, हस्तशिल्प और खानपान को एक मंच पर लाकर भारत की सांस्कृतिक आत्मा को एक माला में पिरोने का सशक्त प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 10 दिसम्बर को प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन किया जिसमें राजस्थान फाउंडेशन के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों को आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि राजस्थान फाउंडेशन के चैप्टर्स की संख्या बढ़कर अब 40 हो गई है। मारवाड़ी समाज अपनी कर्मभूमि के साथ ही मातृभूमि के लिए भी काम करें। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों की मदद के लिए हमारी सरकार ने सभी जिलों में अतिरिक्त जिला कलक्टर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। 

श्री शर्मा ने कहा कि राजस्थानी भाई-बहन चाहे दुनिया के किसी भी कोने में हों, मारवाड़ की अजेय भावना, शेखावाटी का उद्यमी जज्बा, मेवाड़ का गौरव, ढूंढाड़ की विनम्रता और बृज की मधुरता साथ लिए चलते हैं। उन्होंने कहा कि मारवाड़ी समाज के परिश्रम से राजस्थान और ओडिशा साथ-साथ आगे बढ़ेंगे। 

इस अवसर पर ओडिशा के मंत्री श्री रबी नारायण नाइक, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सूर्यबंशी सूरज, अन्य विधायकगण सहित मारवाड़ी समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे। 

दो वर्ष के कार्यकाल में ऐतिहासिक उपलब्धियां हुई हासिल, हर क्षेत्र तथा हर वर्ग के उत्थान के लिए किए गए निर्णय – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
राज्य सरकार के 2 वर्ष के उपलक्ष्य पर ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’, नव उत्थान-नई पहचान, बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ को दिखाई हरी झंडी

जयपुर, 21 दिसम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने दो वर्ष के कार्यकाल में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। राज्य सरकार ने हर क्षेत्र और हर वर्ग के उत्थान के लिए निर्णय लिए हैं। विशेषकर युवाओं के सशक्तीकरण के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ दिनचर्या का पालन करते हुए फिट रहने तथा प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की जिससे प्रदेश नई ऊंचाइयों को छू सके। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेशवासी एक कदम आगे बढ़ेंगे तो राजस्थान कई गुना आगे बढ़ेगा। 

शर्मा राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अमर जवान ज्योति से ‘रन फॉर विकसित राजस्थान’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि गत सरकार के समय युवाओं के सपनों को रौंदते हुए  पेपरलीक के अनेक प्रकरण हुए थे जबकि हमारी सरकार के कार्यकाल में 296 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की गई, उनमें से एक भी पेपरलीक नहीं हुआ है। हमारा लक्ष्य है कि युवाओं को पांच साल में चार लाख सरकारी नौकरियां दी जाएं। इसी क्रम में राज्य सरकार ने दो वर्ष के कार्यकाल में अब तक 92 हजार से अधिक नियुक्तियां प्रदान की हैं तथा 1.53 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। साथ ही, इस माह भी लगभग 20 हजार पदों पर युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग की जा चुकी है। राज्य सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दे रही है, जिससे वे अब रोजगार प्रदाता भी बन रहे हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने जब एक वर्ष का कार्यकाल पूरा किया था, तब अपने कार्यों का रिकॉर्ड लेकर जनता के बीच गए थे तथा अब भी राज्य सरकार के दो साल पूरे होने पर हम अपने कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के सामने जा रहे है। गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य के विकास के लिए रौडमैप बनाकर कार्य किया है। हमने प्रदेश में बिजली, पानी, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनेक अभूतपूर्व निर्णय लिए हैं। साथ ही, राज्य सरकार किसान, महिला, युवा, मजदूर सहित सभी वर्गों के सशक्तीकरण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर युवा मामले और खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार ने दो वर्ष में हर क्षेत्र में काम किया हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के अनेक अवसर मिले हैं। हमारी सरकार राज्य को भारत में अग्रणी स्टेट बनाने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों के साथ दौड़ में हिस्सा लेकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। इससे पहले शर्मा ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के पदक विजेताओं का सम्मान भी किया। इस दौरान विधायक श्री कुलदीप, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, शासन सचिव युवा मामले एवं खेल नीरज के. पवन सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।